Breaking News

घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या; आहट पाकर उठी बेटी ने शोर मचाया तो हत्यारा फरार

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में फुरसतगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक 60 साल के बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की बेटी ने मौके से एक शख्स को भागते हुए देखा, लेकिन वह उसे पहचान नहीं पाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पड़ताल में जुटी है।

फुरसतगंज थाना अन्तर्गत हिमांचलपुर मजरे जमालपुर रामपुर गांव निवासी हरिद्वार (60 साल) मंगलवार की रात घर के बाहर सो रहा था। हरिद्वार की बेटी विनीता ने बताया कि, रात लगभग एक से दो बजे के आसपास कुछ आवाज आई और जब जागी तो एक व्यक्ति पिता की चारपाई के पास खड़ा था। उसे देखते ही शोर मचाया, लेकिन वह व्यक्ति मौके से भाग निकला। पास जाकर देखा तो खून से लथपथ पिता का शव पड़ा था। उनकी गला रेतकर हत्या की गई थी।

शोर सुनकर गांव वाले भी जुट गए। लेकिन आरोपी का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इस मामले में प्रभारी फुरसतगंज प्रेमचंद सिंह ने बताया कि रात को जब मैं दबिश देकर अपनी टीम के साथ वापस आ रहा था तो देखा कि रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर हिमांचलपुर के पास रात में काफी लोग एकत्र है। जिनके हांथो में लाठियां भी थी, जब गाड़ी रोककर जानना चाहा तो पता चला कि किसी अज्ञात ने हरीद्वार की हत्या कर दी। इस मामले में छानबीन जारी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
यह तस्वीर अमेठी की है। बुजुर्ग की हत्या के बाद रोते बिलखते परिजन।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ianG26

No comments