मौत से जूझ रही युवती ने कहा- एक नहीं दो थे आरोपी, 7 दिन पहले एक परिवार के 5 लोगों को जिंदा जलाया गया था
उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में बीते 18 जून की रात एक परिवार को जिंदा जलाने के लिए मिट्टी का तेल डालकर घर में आग लगा दी गई थी। कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दी गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात में अब तक परिवार के मुखिया समेत तीन की मौत हो चुकी है। जबकि, दो मौत व जिंदगी से जूझ रहे हैं। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन, अब एक नया वीडियो सामने आया है। इसमें झुलसी महिला दो आरोपियों के नाम बता रही है। इसके बाद पुलिस की तफ्तीश पर सवाल उठने लगे हैं। एसपी का कहना है- वीडियो देखा है। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दो साल के मासूम की मौके पर हुई थी मौत
यह मामला शहर कोतवाली के खरपरी माधोनगर गांव का है। 18 जून की रात 45 साल के राम बहादुर प्रजापति, पत्नी सरला देवी, पुत्री रोली, शिखा के अलावा उनका 2 साल का पौत्र ऋषि घर में सो रहे थे। रात एक बजे के आसपास अचानक कमरे में धुआं भरने लगा। राम बहादुर जागे तो देखा कि दरवाजे के नीचे आग लगी है। उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो पता चला कि वह बाहर से बंद है। इसी बीच आग पूरे कमरे में फैल गई। इससे पांचों लोग झुलस गए। इसमें से ऋषि की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था
किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई और शोर सुनकर जुटे परिवार के अन्य सदस्यों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने झुलसे चारों को सैफई इलाज के लिए भिजवाया। राम बहादुर के भाई जगदीश ने इस बाबत पड़ोस में रहने वाले मुरारी पर आराेप लगाते हुए केस दर्ज कराया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। पता चला- मुरारी का घर आना जाना था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश हो गई थी।
इस बीच दो दिन पहले बीते मंगलवार को राम बहादुर की भी सैफई में इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी सरला ने भी घटना के दूसरे दिन दम तोड़ दिया था। वहीं, बेटी रोली व शिखा का इलाज चल रहा है। इस बीच इस मामले में अब 25 सेकेंड का नया वीडियो सामने आया है। इसमें एक महिला झुलसी शिखा से सवाल कर रही है तो उसने जवाब दिया कि, उसके परिवार को मुरारी व संजय ने जलाया है।
एसपी बोले- नए वीडियो को विवेचना में शामिल करेंगे
मृतक रामबहादुर की तहरीर पर पुलिस आरोपी मुरारी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन, जिस तरह अब दो आरोपियों के नामों का जिक्र हो रहा है, उससे पुलिस की तफ्तीश पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की मानें तो आरोपी मुरारी ने अपना इकबालिया बयान दिया है। ऐसे में सवाल है कि, जब आरोपी से पूछताछ हुई तो क्या उसने अपने दूसरे सहयोगी के नाम का खुलासा क्यों नहीं किया? पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि नए वीडियो को विवेचना में शामिल किया है। जल्द ही दूसरे आरोपी संजय को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। मामले की निष्पक्ष विवेचना होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Z70M2P
No comments