हरदोई: ADM से SDM तक आंखों के सामने कराएंगे सफाई
हरदोई उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में जिलाधिकारी पुलकित खरे ने एक अजीबोगरीब फरमान जारी किया है। नए आदेश के तहत जिलास्तरीय अधिकारी मोहल्लों की सफाई करवा रहे हैं। डीएम ने शहर के सभी वार्डों की सफाई के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। इसको लेकर अधिकारियों में असंतोष है लेकिन कोई भी कुछ कहने को तैयार नहीं है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी सहित कई अधिकारी वार्डों में सफाई करवाने में जुटे रहे। डीएम पुलकित खरे ने दो जुलाई को एक आदेश जारी किया जिसमें कहा गया कि 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया गया है, जो 31 जुलाई तक चलेगा। इस अभियान के अंतर्गत नगर के समस्त वार्डों में फॉगिंग, नालियों की सफाई, कचरा निस्तारण, असुरक्षित जल स्रोत का चिन्हीकरण एवं निस्तारण व हैंड पम्पों की मरम्मत व स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका की रहेगी। वार्डों में बेहतर कार्य हो इसके लिए हर वार्ड में 2 नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। इन अधिकारियों को मिला काम अपर जिलाधिकारी, नगर मैजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, दो डिप्टी कलेक्टर, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अधिशाषी अभियंता जल निगम, अधिशाषी अभियंता नलकूप, अधिशाषी अभियंता शारदा नहर, पी.डी. व डीआईओएस को नोडल अधिकारी बनाया गया है। दो शिफ्टों में लगाई गई ड्यूटी अधिकारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है। पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से 10 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक है। अधिकारियों को फोटो भेजना अनिवार्य जितने भी नोडल अधिकारी बनाए गए हैं वह समय पर मौके पर पहुंच रहे हैं इसके लिए फोटो भेजनी अनिवार्य की गई है। शनिवार को पहला दिन था, सभी अधिकारी अपने वार्डों में पहुंचे और अपने सामने कार्य करवाकर फोटो भेजी। अधिकारियों ने साधी चुप्पी सफाई व्यवस्था में ड्यूटी लगाए जाने से अधिकारी बहुत नाराज हैं लेकिन कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा कि यह हिटलरशाही है। हम लोग जब पूरे दिन सफाई करवाएंगे तो विभागीय कार्य कैसे होगा। यह बोले अधिकारी नगर पालिका के ईओ रविशंकर शुक्ल ने बताया कि विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसमें नगर पालिकाकर्मी सफाई कर रहे हैं और जो अधिकारी नोडल बनाए गए हैं, वह इसका निरीक्षण कर रहे हैं।
from UP News: यूपी न्यूज़, UP News in Hindi, UP Samachar, Uttar Pradesh News, यूपी समाचार, उत्तर प्रदेश समाचार https://ift.tt/3e2PyBH
via IFTTT
No comments