आज प्रदेश भर में रोपे जाएंगे 25 करोड़ पौधे, सीएम योगी करेंगे अभियान का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश में रविवार को 25 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान का मेरठ से शुभारंभ करेंगे। पौधरोपण के इस अभियान में वन विभाग के अलावा राज्य सरकार के 26 विभाग भी शामिल होंगे जो औषधीय, फलदार, पर्यावरणीय, छायादार, चारा प्रजाति एवं औद्योगिक उपयोग की प्रजाति के होंगे। इसमें अकेले वन विभाग 10 करोड़ पौधे लगाएगा।
वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक मुकेश कुमार के मुताबिक वन विभाग की 1760 नर्सरियों में करीब 44.27 करोड़ पौधे रोपने के लिए तैयार किए गए हैं। इस बार के पौधरोपण में सहजन समेत 36 अन्य विशेष प्रजातियों के पौधे को शामिल किया गया है ताकि लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सके। इस साल भी वन विभाग ही अन्य सभी विभागों को पोधरोपण के लिए नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। पौधरोपण का कार्य सुबह 6.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक चलेगा।
पौधरोपण अभियान के तहत प्रदेश के हर जिले में अलग-अलग प्रजातियों के पौधों की स्मृति वाटिका, पंचवटी, नवग्रह वाटिका, नक्षत्र वाटिका, तथा हरिशंकरी लगाने की तैयारी की गई है। पंजीकृत 2.48 करोड़ किसानो में प्रति किसान 10 पौधे दिए जाएंगे। ये किसान अपनी भूमि के अलावा गांवों के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर उन पौधों को रोपेंगे।
सीएम योगी ने की है इस अभियान से जुड़ने की अपील
गंगा के सहायक नदियों के तटों पर 10 किलोमीटर के क्षेत्र में 3000 से अधिक स्थलों पर विभिन्न प्रजातियों के 2.20 करोड़ से अधिक पौधे रोपे जाएंगे।प्रदेश में एक दिन में एक साथ 25 करोड़ पौधे रोपने के महाअभियान के तहत रोपे जाने वाले हरेक पौधे की जियो टैगिंग होगी ताकि उसकी स्थिति की जानकारी सम्बन्धित विभागों के साथ-साथ वन विभाग को रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यदनाथ ने प्रदेश के सभी सांसदों, विधायकों व विधान परिषद सदस्यों के साथ-साथ सभी महापौरों, सभासदों, जिला पंचायत सदस्यों, ब्लाक प्रमुखों व खण्ड विकास सदस्यों के अलावा ग्राम प्रधानों को इस अभियान में सहयोग के लिए पत्र लिखा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2C5yDS0
No comments